
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के पुराने टांडा मार्ग पर अनमोल नगर स्थित एक सर्विस स्टेशन के बाहर गोलियां चलने का समाचार है। हालांकि इस गोलीबारी में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन गोलियों की धाएं-धाएं से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। डीएसपी सिटी देवदत्त शर्मा व थाना माडलटाउन प्रभारी गुरसाहिब सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी और सीसीटीवी खंगालने शुरु कर दिए थे।

प्राप्त जानकारी अनुसार मोहल्ला नीलकंठ निवासी अजय यादव और थाना मेहटीयाणा के तहत आते गांव डविडा रिहाणा निवासी हैप्पा के बीच पैसों का लेन देन था। पिछले कल भी इनका इस बात को लेकर किसी और जगह पर झगड़ा हुआ था। अजय उक्त सर्विस स्टेशन पर कभी-कभी काम करने आता था तथा आज हैप्पा को पता चला कि अजय यहां आया है और वह कुछ साथियों के साथ यहां आ पहुंचा। इसी दौरान उनका फिर से झगड़ा हो गया और भीड़ बढ़ने के बाद हैप्पा व उसके साथी वहां से भाग निकले और भागते समय उन्होंने गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि करीब 3 से 4 गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने मौके से दो गोलियों के खोल बरामद कर लिए थे।
पुलिस के अनुसार दो खोल बरामद किए गए हैं तथा बाकी की जांच जारी है, सीसीटीवी देखने उपरांत सारा मामला पता चलेगा। पुलिस के अनुसार गोली चलाने वालों के वह काफी करीब है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में एसएसपी संदीप मलिक ने साफ किया कि कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और गुंडागर्दी की इजाजत नहीं दी जाएगी।












