
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कांग्रेस द्वारा मनरेगा संशोधन के मुद्दे पर किए गए प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह से राजनीतिक भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास है।
जबकि केंद्र सरकार ने मनरेगा को पूरी तरह नए कानून में बदलकर “Viksit Bharat–Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission (Gramin)” (VB-G RAM G) विधेयक, 2025 पेश किया है और पारित भी किया है। यह विधेयक मनरेगा के स्थान पर लागू होगा। शर्मा ने कहा कि मनरेगा में केंद्र सरकार द्वारा किए गए संशोधन कांग्रेस शासनकाल में पनपे फर्जी जॉब कार्ड, बिचौलिया व्यवस्था और धन की लूट पर निर्णायक प्रहार हैं। इससे डिजिटल निगरानी, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और पारदर्शी व्यवस्था से अब भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी।

कहा, भ्रष्टाचार की दुकान बंद होने से बौखलाए कांग्रेसी
यही कारण है कि कांग्रेस इन सुधारों से बौखलाई हुई है और प्रदर्शन की राजनीति कर रही है। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए संशोधन पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हैं। कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा केवल भ्रष्टाचार और बिचौलियों का माध्यम बनकर रह गया था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे सीधे लाभार्थियों से जोड़ने का काम किया है।इस राजनीतिक नौटंकी की सबसे बड़ी वजह राम शब्द है जिसके आते ही कांग्रेसियों के पेट में मरोड़ पड़ जाते है।गांधी परिवार की चाटुकारिता में इन्हें राम शब्द से इतनी नफरत हो गई है कि सही और गलत में फर्क करना भी भूल गए है।
कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि उनके शासन में क्यों मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं होता था और फर्जी जॉब कार्डों के जरिए सरकारी धन की लूट क्यों की गई। आज केंद्र सरकार तकनीक के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रही है कि हर गरीब मजदूर को उसका पूरा और समय पर अधिकार मिले। मोदी सरकार ने मनरेगा को कमजोर नहीं बल्कि अधिक प्रभावी और ईमानदार बनाने के लिए सुधार किए हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन केवल अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने की एक राजनीतिक नौटंकी है। भारतीय जनता पार्टी जनहित में किए जा रहे इन सुधारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जनता को गुमराह करने की किसी भी कोशिश का विरोध करती रहेगी।











