Thursday, October 22, 2026
Home Latest SDO की कार पर पलटा भूसे से भरा ट्रक, हुई मौत

SDO की कार पर पलटा भूसे से भरा ट्रक, हुई मौत

यूपी (द स्टैलर न्यूज़)। रामपुर के नैनीताल रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। पहाड़ी गेट के पास बिजलीघर के सामने भूसे से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बिजली विभाग के एसडीओ की बोलेरो गाड़ी पर पलट गया। इस हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिलासपुर की ओर से आ रहा भूसे से लदा ट्रक दूसरी साइड में मुड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रक का एक पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। भारी भरकम ट्रक पलटते हुए ठीक बगल से गुजर रही बोलेरो पर गिर गया, जिससे गाड़ी पूरी तरह दब गई। हादसे के वक्त बोलेरो के बराबर से एक बाइक सवार और एक अन्य राहगीर भी गुजर रहे थे, जो महज कुछ इंच की दूरी से मौत के मुंह में जाने से बच गए। ट्रक पलटते ही तेज आवाज हुई और आसपास मौजूद लोग सहम गए। हालात को देखते हुए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया।

Advertisements

बोलेरो गाड़ी ट्रक के नीचे पूरी तरह दब चुकी थी। पुलिस और राहत टीम ने क्रेन की मदद से पहले ट्रक को संतुलित किया और फिर बोलेरो को बाहर निकाला। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बोलेरो चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिरासत (54 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गंज थाना क्षेत्र के गूजर टोला के निवासी थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, मृतक फिरासत बिजली विभाग के खौद बिजलीघर में तैनात एसडीओ की बोलेरो के चालक थे। वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद एसपी विद्या सागर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here