
होशियारपुर (द स्टालर न्यूज़), नीरज धीमान। पंजाब के सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा (Vocational Education) प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य के शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (NSQF) के तहत कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय लिया है । इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को कौशल विकास के प्रति प्रेरित करना और व्यावसायिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

विजेताओं पर होगी इनामों की बारिश
समग्र शिक्षा अभियान (पंजाब) द्वारा इस प्रतियोगिता के लिए राज्य के प्रत्येक जिले को 50,000 रुपये की राशि आवंटित की गई है । प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को 5,000 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 3,000 रुपये और तीसरा स्थान पाने वाले को 2,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा । इसके अलावा, बजट का एक हिस्सा मेडल, सर्टिफिकेट, जलपान और यात्रा भत्ते के लिए भी सुरक्षित रखा गया है।
चयन प्रक्रिया: प्रतियोगिता का आयोजन बेहद व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा:
पहला चरण: स्कूल स्तर पर ‘एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स’ (Employability Skills) पर आधारित 20 प्रश्नों का एक लिखित टेस्ट होगा।
दूसरा चरण: प्रत्येक स्कूल से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले एक छात्र का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा ।
- तीसरा चरण: जिला स्तर पर 100 अंकों का टेस्ट लेकर मेरिट सूची तैयार होगी, जिसमें से शीर्ष 10 छात्र चुने जाएंगे।
- अंतिम चरण: इन 10 छात्रों के बीच अंतिम क्विज मुकाबला होगा, जिससे पहले तीन विजेताओं का फैसला होगा ।
जनवरी के अंत तक पूरी होगी प्रक्रिया। - शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है कि यह पूरी प्रतियोगिता जनवरी 2026 के भीतर संपन्न करा ली जाए । इसके सुचारू संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (से.सि.) की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें वोकेशनल लेक्चरर और प्रिंसिपल शामिल होंगे । खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) 31 जनवरी 2026 तक मुख्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।
- इस प्रतियोगिता से न केवल छात्रों के ज्ञान में वृद्धि होगी, बल्कि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी रूप से अधिक सक्षम भी बनेंगे।












