
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) होशियारपुर द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर “राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन DAV कॉलेज ऑफ एजुकेशन, होशियारपुर में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. मनोज कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की आत्मा होती है। युवाओं को जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य का चयन कर उसके लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए, तभी सफलता और राष्ट्र निर्माण दोनों संभव हैं। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि अनुभव जैन, प्रांत उपाध्यक्ष, ABVP पंजाब ने युवाओं को एकाग्रता और नेतृत्व का महत्व बताते हुए मंच से ही श्रोताओं को एक फोकस एक्सरसाइज़ करवाई, जिससे युवाओं को ध्यान और लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि एकाग्र और सजग युवा ही सशक्त भारत की नींव रख सकता है।
इस अवसर पर रीना गोयल जी ने युवाओं को जीवन में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अंकित कुंद्रा (प्रांत सह मंत्री), डॉ. दीप चंद (नगर अध्यक्ष, ABVP इकाई), भास्कर शर्मा (नगर सचिव), नगर उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, प्रिंस गुप्ता, वंश मानकोटिया, गुरप्रीत सिंह, क्षितिज वशिष्ठ सहित ABVP की नगर इकाई के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. अनूप कुमार जी, प्राचार्या विद्या भल्ला जी, परवीन कुमार जी, पूजा वशिष्ठ जी एवं अन्य सम्मानित नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ किया गया।












