Sunday, October 18, 2026
Home Crime फिरौती न देने पर की आयुष की हत्या, बक्से में बंद कर...

फिरौती न देने पर की आयुष की हत्या, बक्से में बंद कर भेजी लाश

उत्तरप्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तरप्रदेश के जिला चित्रकूट के कस्बा बरगढ़ से एक दिलदहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। जहां एक कपड़ा व्यापारी के 13 वर्षीय पुत्र आयुष का अपहरण किया गया और परिजनों द्वारा 40 लाख की फिरौती न देने पर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बरगढ़ कस्बे के रहने वाले व्यापारी अशोक केसरवानी के 13 वर्षीय बेटे आयुष केसरवानी का गुरुवार शाम अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के कुछ ही समय बाद आरोपियों ने परिजनों से 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। परिजनों के अनुसार, फिरौती की रकम जुटाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन रकम न मिलने पर आरोपियों ने मानवता को शर्मसार करते हुए मासूम आयुष की निर्मम हत्या कर दी। आयुष के अपहरण के बाद जब देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई। कुछ समय बाद पुलिस को सूचना मिली कि घर से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में रखे बक्से के अंदर बच्चे का शव मिला है। जब बक्सा खोला गया तो अंदर आयुष का शव देखकर हर कोई सन्न रह गया।

Advertisements

मासूम की हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और आसपास के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। इस जघन्य हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-35 (NH-35) पर जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों की मांग थी कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन लोग सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। कई घंटों तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर तैनात की गईं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई। मामले की जांच के दौरान पीड़ित परिजनों ने पुलिस को अहम जानकारी दी।

परिजनों ने शक जताया कि उनके घर में पहले रह चुका एक किरायेदार इस घटना में शामिल हो सकता है। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान शुरू की और इरफान और कल्लू नाम के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। मोबाइल की कॉल डिटेल्स और लोकेशन से पुलिस को अहम सुराग मिले, जिससे पूरे मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण और हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उन्हें घटनास्थल की ओर ले जाया गया। गुरुवार देर रात आरोपियों को लेकर पुलिस टीम जब इलाके में गई, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा बदमाश पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here