
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लेयेन की हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय संघ (EU) के साथ हुए नए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और सबसे अहम व्यापार समझौता बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता भारत और यूरोप – दोनों के लिए आपसी समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस डील से व्यापार, निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-EU ट्रेड डील को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “आज का दिन हमेशा के लिए याद रखा जाएगा और हमारे साझा इतिहास में अमिट रूप से दर्ज हो जाएगा।” पीएम मोदी ने कहा, “यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि ऐतिहासिक भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पूरा हो गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह समझौता दोनों पक्षों के रिश्तों में एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे आर्थिक संबंध मजबूत होंगे। युवाओं के लिए नए रोजगार पैदा होंगे। कारोबार के नए अवसर खुलेंगे। साझा समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। और वैश्विक सप्लाई चेन और मजबूत होंगी। पीएम मोदी के मुताबिक यह डील भारत और यूरोप के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी।












