
रूपनगर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-ध्रुव नारंग। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से तथा एन.सी.सी. अकादमी के निर्देशानुसार एन.सी.सी. कैडेटों द्वारा वेटलैंड रोपड़ में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर प्रकृति में पौधों, पशुओं तथा अन्य जीवों के बीच संतुलन बनाए रखना और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण को बढ़ावा देना था। अभियान के दौरान कैडेटों ने क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर फॉरेस्ट गार्ड प्रभजोत कौर, स्कूल की ओर से एन.सी.सी. अधिकारी अभिजीत कौर (ए.एन.ओ.) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। कैडेटों ने पर्यावरण जागरूकता के लिए नारे लगाए तथा आम लोगों को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर सभी कैडेटों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से लगाए गए पौधों की देखभाल करेंगे और समाज को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेंगे।

स्कूल मैनेजमेंट सूबा भूपिंदर सिंह व गुणवंत कौर ने कहा कि एन.सी.सी. यूनिट विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक कर्तव्यों की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह अपने आसपास के पर्यावरण, जीव-जंतुओं और पौधों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहे।स्कूल निदेशक गुरप्रीत माथुर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कैडेट अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट रूप से निर्वहन कर रहे हैं और इस प्रकार समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।उप प्रिंसिपल भूपिंदर कौर ने भी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।












