
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पांचवीं खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026 में देशभर से आए एथलेटिक्स खिलाड़ियों के बीच होशियारपुर जिले की प्रतिभा एक बार फिर चमकी। गांव राजोवाल की रहने वाली सरकारी एलिमेंट्री स्कूल मंडेर की मुख्य अध्यापिका अध्यापिका कमलजीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण पदक और 1 रजत पदक अपने नाम कर जिले का नाम रोशन किया।

चंडीगढ़ में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कमलजीत कौर ने लंबी कूद, तिहरी कूद, रिले दौड़ और मिश्रित रिले दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं 100 मीटर दौड़ में उन्होंने रजत पदक जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल प्रेमियों और शिक्षा विभाग में खुशी की लहर है।
कमलजीत कौर ने हाल ही में माहिललपुर 10 किलोमीटर नेशनल मैराथन में भी तीसरा स्थान हासिल कर अपनी फिटनेस और निरंतर मेहनत का परिचय दिया था। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन से उन्होंने यह साबित किया है कि समर्पण, अनुशासन और मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए कमलजीत कौर ने अपने कोच एस.पी. शर्मा और डॉ. रंजीत सिंह का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, मेहनत और निरंतर प्रेरणा के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
एक सरकारी स्कूल में मुख्य अध्यापिका होने के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं। वे बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करने और उन्हें फिट रहने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
जिले के खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने कमलजीत कौर की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है और कहा कि ऐसे खिलाड़ी पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं।












