
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर नगर निगम में हाउस का 5 साल का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है तथा इन पांच सालों में समस्त पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की बेहतरी और विकास के लिए कड़ी मेहनत से कार्य किया। सभी का कार्यकाल सम्पन्न होने पर हाउस की अंतिम बैठक का आयोजन 10 अप्रैल को किया जा रहा है, जिसमें शहर के विकास के लिए कई योजनाओं और प्रोजैक्ट को पास किया जाना है ताकि हाउस की समाप्ति के बाद भी शहर के कार्यों में किसी तरह की रुकावट न आए।

यह जानकारी मेयर सुरिंदर कुमार ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने कहा कि इन पांच सालों में कई चुनौतियां पेश आईं, जिनका सभी पार्षदों ने एकजुटता और थोड़ी बहुत नोकझोंक के बीच सामना किया। उन्होंने कहा कि हाउस के कार्यकाल दौरान आलोचना का भी सामना करना पड़ा और उनसे सबक लेकर सुधार के प्रयास भी किए गए। लेकिन अनायास यानि कि बिना मतलब के लोगों में छोटी-छोटी बात को लेकर एक अलग ही माहौल बनाने का प्रयास करने वालों से सुचेत भी रहा गया तथा आगे भी रहा जाएगा। मेयर सुरिंदर कुमार ने कहा कि किसी भी सिस्टम को चलाने के लिए व्यवस्थाएं बनी हुई हैं तथा एक दूसरे को सम्मान और उनके सम्मान में चाय-पान व खाने का प्रबंध करना भी हमारी संस्कृति और संस्कारों में शामिल है।
लेकिन कुछ लोगों को इन नैतिक व्यवस्थाओं से काफी परेशानी होती है तथा ऐसे लोग अनायास ही आलोचना करके जनता में अलग माहौल बनाने का प्रयास करते हैं। जिसे जनता भलीभांति समझती और जानती हैं। उन्होंने कहा कि हाउस की अंतिम बैठक में भाग लेने वाले पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक गैट-टू-गैदर का प्रबंध किया गया है और इसके लिए निगम की तरफ से बाकायदा तौर पर एक फंड रिजर्व रखा जाता है। लेकिन कुछ लोगों को इससे भी तकलीफ है व वह लोगों को गुमराह करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि वह पूछना चाहते हैं कि इस व्यवस्था पर अंगुली उठाने वाले बता सकते हैं कि अगर उनके घर में कोई आ जाए तो क्या वह उसे जल-पान व खाना आदि नहीं खिलाएंगे, यह तो फिर भी निगम है जहां पर 5 साल जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों ने पूरी मेहनत के साथ अपने वार्ड और शहर के लिए आवाज बुलंद की है।
मेयर सुरिंदर कुमार ने जनता से आह्वान किया कि वह ऐसे लोगों की अनरगल बातों में न आकर उनके द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों पर भरोसा रखें ताकि वह भविष्य में भी उनके हक की आवाज बुलंद कर सकें।












