
उत्तरप्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि राहत-बचाव कार्य जारी है। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे। इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल ने चार और लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। बताया जा रहा है कि नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं।

अधिकारियों के मुताबिक गुलाब नामक एक स्थानीय गोताखोर ने बताया कि अब तक लगभग 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण नौका बीच नदी में तेजी से डगमगाने लगी, फिर उसकी गति बढ़ गई और वह एक पुल से टकरा गई, इसके बाद नौका पलट गई। अधिकारियों ने बताया कि ये श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और अन्य शहरों से आए लगभग 150 तीर्थयात्रियों के एक बड़े समूह का हिस्सा थे। यह दुर्घटना केसी घाट के पास तब हुई, जब नौका गहरे पानी में जाने के बाद एक तैरते हुए पोंटून (पीपा पुल का एक हिस्सा) से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पानी का स्तर बढ़ने के कारण पीपा पुल को हाल ही में हटा दिया गया था, जिससे नदी में कुछ पोंटून खुले रह गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हीं में से एक पोंटून से टकराने के कारण नौका पलटी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं, गोताखोर लापता लोगों की तलाश में नदी के गहरे हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं। डीएम और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।












