Friday, October 9, 2026
Home Education पंजाब के स्कूलों में गूंजेगी अंग्रेजी: एससीईआरटी ने शुरू किया प्रोजेक्ट

पंजाब के स्कूलों में गूंजेगी अंग्रेजी: एससीईआरटी ने शुरू किया प्रोजेक्ट

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘English Circles’ प्रोजेक्ट को जारी रखने का निर्णय लिया है । इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर से अंग्रेजी बोलने का डर और हिचकिचाहट दूर कर उनमें आत्मविश्वास जगाना है ।

Advertisements

छठी से बारहवीं तक के छात्र लेंगे हिस्सा

SCERT द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे । स्कूलों में अंग्रेजी पढ़ाने वाले लेक्चरर और शिक्षक इसके इंचार्ज होंगे । खास बात यह है कि जिन स्कूलों में अंग्रेजी के नियमित शिक्षक नहीं हैं, वहां अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाले अन्य शिक्षक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे ।

दो चरणों में होगी गतिविधियां

प्रोजेक्ट को विद्यार्थियों के कौशल के आधार पर दो भागों में बांटा गया है:

·  पुराने विद्यार्थियों के लिए: जो छात्र पहले चरण में महारत हासिल कर चुके हैं, वे रोल-प्ले, कविता पाठ, कहानी समीक्षा और संपादकीय कॉलम की समीक्षा जैसी जटिल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे ।

·  नए विद्यार्थियों के लिए: नए शामिल होने वाले छात्रों के लिए ‘शो एंड टेल’, वर्ड ड्रिल, जैज चैंट्स और रिदम-राइम्स जैसी मजेदार गतिविधियां तैयार की गई हैं ।

हर महीने के दूसरे हफ्ते में होगी विशेष सभा

विद्यार्थियों के प्रदर्शन को निखारने के लिए हर महीने के दूसरे सप्ताह को ‘इंग्लिश सर्कल मॉर्निंग असेंबली वीक’ के रूप में मनाया जाएगा । शिक्षक हर महीने छात्रों को तीन विषय देंगे, जिन्हें वे कक्षा में प्रस्तुत करेंगे । कक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सुबह की प्रार्थना सभा में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा ।

डिजिटल प्रोत्साहन और पुरस्कार

मेधावी छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनके नाम स्कूल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे । इसके अलावा, सुबह की सभा में उन्हें बैज दिए जा सकते हैं और स्कूल नोटिस बोर्ड पर उनके नाम प्रदर्शित किए जाएंगे । जिला शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अच्छा कार्य करने वाले शिक्षकों और छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करें ।

छात्रों की शब्दावली बढ़ाने के लिए विभाग रोजाना “Word of the Day” की स्लाइड भी साझा करेगा, जिसे प्रार्थना सभा के दौरान दोहराया जाएगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here