
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा में जारी नगर निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान एक अनोखा चुनावी वायदा किया। पटौदी से भाजपा विधायक बिमला चौधरी ने रेवाड़ी में भाजपा प्रत्याशी की चुनावी रैली में मतदाताओं से वायदा किया कि यदि वे भाजपा को वोट देकर जिताते हैं, तो क्षेत्र के कुंवारे युवाओं की शादी कराने की जिम्मेदारी वे खुद लेंगी। हंसी-मजाक और ठहाकों के बीच आए इस बयान ने दक्षिण हरियाणा में वर्षों से गहराए लिंगानुपात संकट और युवाओं के शादी न हो पाने की गंभीर समस्या (बैचलर क्राइसिस) पर एक बार फिर नई बहस छेड़ दी है। यह पूरा वाकया रेवाड़ी नगर परिषद की भाजपा प्रत्याशी विनीता पिप्पल के समर्थन में गुरुवार को आयोजित एक चुनावी जनसभा का है।

रैली को संबोधित करते हुए विधायक बिमला चौधरी ने कहा, “आप बस हमें वोट देकर विजयी बनाइए और मैं इन युवा कुंवारे लड़कों का घर बसाने यानी शादी कराने की पूरी जिम्मेदारी लेती हूं।” मंच पर उनके साथ मौजूद हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी इस पर चुटकी लेते हुए मजाकिया लहजे में कहा कि विधायक जी ने तो अब रेवाड़ी में ‘मैरिज ब्यूरो’ ही खोल लिया है। बाद में पत्रकारों से बातचीत में बिमला चौधरी ने अपने बयान का बचाव किया और दावा किया कि वे पहले भी कई कुंवारे लड़कों की शादियां पलवल और आसपास के जिलों की लड़कियों से करवाने में मदद कर चुकी हैं।












