
अहमदाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। लोग बैंकों में पैसा जमा करते हैं, ये सोचकर कि वहां उनका पैसा सुरक्षित रहेगा। लेकिन तब क्या हो जब, बैंक का ख्जाना ही लुट जाए। वह भी कोई छोटे-मोटे बैंक का नहीं, बल्कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का। कुछ ऐसा ही मामला गुजरात के अहमदाबाद से आया है, जहां RBI के खजाने में ही चोरी हो गई. यह चोरी बैंक ऑफ बड़ौदा की एक ब्रांच में मौजूद RBI के खजाने से हुई है।

इसी बैंक के कर्मचारी ने 8.70 करोड़ की चोरी को वारदात को अंजाम दिया। 13 जनवरी को वह 2 मजदूरों के साथ सफाई के लिए RBI खजाने में गया और वहां से कचरे के बॉक्स में करोड़ों के नोट भरकर बैंक से निकल गया।
खजाने में चोरी करने वाला कर्मचारी इतना शातिर था कि किसी को शक न हो, इसलिए वह लगातार ऑफिस आता रहा. उसे पता था कि CCTV की फुटेज 90 दिन बाद डिलीट हो जाती है। इसलिए चोरी के बाद 20 अप्रैल यानी करीब 98 दिनों तक ऑफिस आता रहा। फिर मेडिकल लीव लेकर लंबी छुट्टी पर फरार हो गया।
पुलिस ने जब छापा मारा तो घर के बाहर खड़ी गाड़ी में 2 करोड़ 20 लाख रुपये कैश मिले। पुलिस ने पैसा जब्त कर आरोपी को 22 मई को गिरफ्तार कर लिया।
जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 15 साल के वह बैंक में काम कर रहा था और ऐशो-आराम के लिए चोरी की थी। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह चोरी के पैसों में से 4 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है।
कुछ पैसा पुलिस ने बरामद कर लिया है, जबकि बाकी पैसे को लेकर जांच हो रही है। आरोपी की पत्नी रेलवे पुलिस में सिपाही है। चोरी में उसकी मिलीभगत की भी जांच हो रही है।











