Saturday, October 31, 2026
Home National दीक्षा दलाल ने एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास

दीक्षा दलाल ने एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर रचा इतिहास

हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हरियाणा की माटी के लाल और लाडलियां वैश्विक पटल पर लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बहादुरगढ़ की 15 वर्षीय महिला पहलवान दीक्षा दलाल ने एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। दीक्षा की इस स्वर्णिम सफलता के साथ-साथ हिन्द केसरी सोनू अखाड़े के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई है, अखाड़े के तीन प्रतिभावान पहलवानों का चयन आगामी एशियन गेम्स के लिए हुआ है। वियतनाम से पदक जीतकर लौटने के अगले ही दिन दीक्षा वापस मैट पर उतर आई हैं और अगली तैयारियों में जुट गई हैं। 

Advertisements

अखाड़े में पहुंचने पर एशियन चैंपियन दीक्षा और एशियन गेम्स के लिए चयनित पहलवानों का फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर दीक्षा के दादाजी ने पूरी टीम और ग्रामीणों को मिठाई खिलाकर अपनी पोती की जीत का जश्न मनाया। साल 2021 से हिन्द केसरी सोनू अखाड़े में कुश्ती के गुर सीख रही दीक्षा दलाल की सफलता की कहानी अद्भुत है। उन्होंने 22 किलो भार वर्ग से अपने सफर की शुरुआत की थी और आज वह 47 किलो भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

 सबसे खास बात यह है कि दीक्षा ने अब तक के करियर में जिस भी स्तर पर कदम रखा, वहां सिर्फ सोना ही जीता। वर्ष 2019-20 से लेकर 2025-26 तक जिला स्तर पर गोल्ड जीतने के साथ-साथ दीक्षा लगातार सात साल से स्टेट चैंपियन हैं। दिक्षा, साल 2023-24 में पहली बार नेशनल खेलने उतरीं और वहां भी गोल्ड जीता। तब से लेकर अब तक वह हर साल नेशनल में गोल्ड जीत रही हैं। 2023-24 में नेशनल चैंपियन बनते ही उन्हें इंटरनेशनल मुकाबलों का टिकट मिला। दीक्षा ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी बादशाहत साबित की है। अपनी सफलता का श्रेय अपने दादाजी, परिवार और कोचों की प्रेरणा को देते हुए दीक्षा ने कहा, मेरा लक्ष्य ओलंपिक है और मैं देश के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतकर ही रहूंगी। दीक्षा रोजाना अपने दादाजी के साथ अखाड़े आती हैं, जो उनकी ट्रेनिंग और डाइट का पूरा ख्याल रखते हैं। 

 
दीक्षा की सफलता के अलावा, सोनू अखाड़े के तीन पहलवानों सुमित दलाल, रजत रूहल और दीपक ने एशियन गेम्स की टीम में जगह बनाकर अखाड़े का नाम देश भर में ऊंचा कर दिया है। सुमित अब वल्र्ड रैंकिंग सीरिज के लिए मंगोलिया रवाना हो गए हैं। सुमित दलाल ने एशियाई चैंपियनशिप में 2025 और 2026 में लगातार गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। 2025 की रैंकिंग सीरीज में सिल्वर मेडल जीता, जहां उन्होंने कई वल्र्ड और ओलंपियन पहलवानों को धूल चटाई। इसके अलावा 2023 अंडर-20 वल्र्ड चैंपियनशिप में सिल्वर और अंडर-23 में ब्रॉन्ज जीता। 2022 के अंडर-20 में भी वह ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। सुमित करीब 6 बार नेशनल चैंपियन रह चुके हैं और कुल 12 नेशनल मेडल जीत चुके है। उनका सपना एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना और वहां भी सोना जीतना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here