Sunday, October 18, 2026
Home Hoshiarpur आज्ञापाल सिंह ने अपने जन्मदिन पर कॉर्नियल ब्लाइंड बच्चे के ऑपरेशन हेतु...

आज्ञापाल सिंह ने अपने जन्मदिन पर कॉर्नियल ब्लाइंड बच्चे के ऑपरेशन हेतु दी 11000 कि सहायता राशि: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी भूमिका निभाने वाले रोटरी आई बैंक के सरपरस्त एवं सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान आज्ञापाल सिंह साहनी ने अपना जन्मदिन इस वर्ष भी एक अनूठे और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने डेढ़ वर्षीय एक कॉर्नियल ब्लाइंड बच्चे की आंखों की रोशनी लौटाने के लिए उसके ऑपरेशन हेतु 11,000 रुपये की सहायता राशि रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी को भेंट की। इस अवसर पर प्रधान जे. बी. बहल एवं चेयरमैन प्रमुख समाज सेवी संजीव अरोड़ा ने बताया कि उक्त बच्चा जिसका नाम फतेह सिंह हैं गांव हरोली जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है, और एक आंख से देखने में असमर्थ था और उसकी दृष्टि बहाल करने के लिए कॉर्निया संबंधी उपचार एवं ऑपरेशन की आवश्यकता थी। बच्चे के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आज्ञपाल सिंह साहनी ने आगे बढ़कर सहायता राशि प्रदान की, जिससे उसके उपचार का मार्ग प्रशस्त हो सका और अरोड़ा ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब आज्ञापाल सिंह जी ने अपना जन्मदिन सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया हो।

Advertisements

इससे पूर्व भी वे गरीब, जरूरतमंद, बीमार एवं दिव्यांग लोगों की सहायता कर अपने विशेष दिनों को समाज सेवा को समर्पित करते रहे हैं। उनके इस कार्य की क्षेत्र के सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया और श्री अरोड़ा ने कहा कि आज के समय में जब अधिकांश लोग अपने व्यक्तिगत उत्सवों पर भारी खर्च करते हैं, ऐसे में किसी जरूरतमंद बच्चे को नई जिंदगी और नई रोशनी देने का प्रयास वास्तव में मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने लोगों से भी आह्वान किया कि वे अपने सुखद अवसरों को समाज के कमजोर वर्गों की मदद से जोड़ें ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंच सके।

इस अवसर पर स. आज्ञापाल सिंह साहनी ने कहा कि जन्मदिन केवल केक काटने और उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बांटने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि यदि हमारे छोटे-छोटे प्रयास किसी की जिंदगी में उजाला ला सकते हैं तो इससे बड़ा जन्मदिन का उपहार कोई नहीं हो सकता और उन्होंने कहा की जरूरतमंदों की मदद करने के साथ- साथ अपने खुशी के अवसरों पर पौधारोपण भी जरूर करना चाहिए ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है जिसके लिए प्रत्येक परिवार के सदस्यों को एक-एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।

इस अवसर पर सचिव प्रो. दलजीत सिंह ने कहा कि इस प्रेरणादायी पहल ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन की वास्तविक खुशी तभी है जब किसी के जीवन में आशा, मुस्कान और उजाला लाया जा सके और उन्होंने बताया कि अबतक सोसाइटी की ओर से 4168 लोगों की अंधेरी जिंदगी को रोशन किया जा चुका हैं जिसमें 500 से अधिक छोटे बच्चे है जिनकी आयु 6 महीने से लेकर 18 वर्ष तक है इसके साथ-साथ 30 शरीर मरणोपरांत विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को अनुसंधान के लिए भेजे जा चुके हैं।इस अवसर पर प्रो. दलजीत सिंह,जसवीर कंवर, रमिंद्र सिंह, ईशपूनित सिंह साहनी भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here