
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट- नीरज धीमान। देश और दुनिया भर में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के उद्देश्यों को गति देने के लिए ‘हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन’ द्वारा आगामी ‘अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2026’ का आयोजन किया जा रहा है । इस वैश्विक प्रतियोगिता को लेकर पंजाब के शिक्षा विभाग ने भी अपनी कमर कस ली है । राज्य शैक्षिक खोज और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब द्वारा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर राज्य के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों के मुखियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ।

विद्यार्थियों के लिए सुनहरा मौका
इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के सभी विद्यार्थी स्वेच्छा से भाग ले सकते हैं । इसके लिए प्रति विद्यार्थी ₹150 की पंजीकरण फीस निर्धारित की गई है । इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्रों को बहुविकल्पीय और मानक हिंदी सीखने का एक सुदृढ़ माध्यम प्रदान करना है । प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा, जबकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और विशिष्ट उपलब्धि पत्रक से सम्मानित किया जाएगा । पंजीकृत छात्रों को पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए फाउंडेशन की वेबसाइट पर अभ्यास-पत्र और व्याकरण पाठ्यक्रम जैसी प्रामाणिक अध्ययन सामग्री भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी ।
शिक्षकों के लिए ‘अमृत कुम्भ सम्मान’
विद्यार्थियों के साथ-साथ यह आयोजन हिंदी अध्यापकों और स्कूल प्रमुखों के लिए भी विशेष अवसर लेकर आया है । आज़ादी के अमृत महोत्सव और अमृत काल के उपलक्ष्य में फाउंडेशन द्वारा ‘अमृत कुम्भ सम्मान 2026’ का आयोजन किया जा रहा है । इसके तहत हिंदी शिक्षकों और संस्था प्रमुखों से उनकी स्वयं-रचित मौलिक रचनाएँ आमंत्रित की गई हैं, जिससे उन्हें अपनी साहित्यिक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच मिलेगा ।
राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर समर्थन
इस आयोजन को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, नीति आयोग और थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी सहित विभिन्न शीर्ष संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों का पूर्ण समर्थन प्राप्त है । शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने अपने संदेशों में हिंदी भाषा के चहुंमुखी विकास और वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति के विस्तार के लिए इस प्रयास की सराहना की है । इच्छुक उम्मीदवार और विद्यालय इस परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.hindiolympiad.com पर जा सकते हैं ।












