
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट- नीरज धीमान। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब द्वारा वर्ष 2025-26 की पंजाब राज्य निपुणता खोज परीक्षा (PSTSE) कक्षा दसवीं का परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया गया है। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह परीक्षा 4 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। नियमों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार किए गए इस परिणाम में राज्य भर से कुल 500 छात्रों ने श्रेणीवार मेरिट सूची में अपनी जगह पक्की की है।

इस परीक्षा परिणाम में होशियारपुर जिले के सरकारी और ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ के छात्रों का प्रदर्शन बेहद शानदार और सराहनीय रहा है। पूरे जिले से कुल 42 विद्यार्थियों ने राज्य की मुख्य मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराकर जिले का नाम रोशन किया है।
निधि ने जिला स्तर पर हासिल किया सर्वोच्च स्थान
होशियारपुर जिले की मेरिट सूची में जी.एस.एस.एस. बुड्ढा बड़ की छात्रा निधि ने कुल 128 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर 27वां रैंक और जिले में पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा, स्कूल ऑफ एमिनेंस, दसूहा के छात्र अमृतपाल ने 120 अंकों के साथ राज्य में 67वां रैंक हासिल कर दूसरा और स.स.स.स ढोलवाहा की पारुल ने 118 अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
सरकारी स्कूलों का रहा दबदबा
इस बार के नतीजों में विशेष बात यह रही कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। स.स.स.स. हरदो खुंडपुर स्कूल का प्रदर्शन सबसे बेमिसाल रहा, जहां से सबसे ज्यादा छात्रों ने मेरिट सूची में जगह बनाई। इसके अलावा स्कूल ऑफ एमिनेंस टांडा, जी.एस.एस.एस. पिपलांवाला, स.ह.स जाहदपुर कमलूह और स.स.स.स संसारपुर जैसे संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी शीर्ष अंकों के साथ परीक्षा पास की है। आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में शामिल होशियारपुर के छात्रों का मानसिक योग्यता टेस्ट का औसत 48.02 और शैक्षणिक योग्यता टेस्ट का औसत 58.14 रहा।
सभी सफल छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को विभाग द्वारा बधाई दी गई है। स्कूल प्रभारियों का कहना है कि यह सफलता बच्चों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।












