
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। वेनेजुएला में लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही मच गई है। भूकंप के झटकों के कारण राजधानी काराकस में कई इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गई हैं। शुरुआती आकलन में 10 हजार से 1 लाख लोगों की मौत की आशंका जताई गई है। इस प्राकृतिक आपदा से लोगों में भारी दहशत का माहौल है। इन्हें एक सदी से भी अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 मापी गई। इसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में 13 किलोमीटर की गहराई में था। यह स्थान काराकस से करीब 168 किलोमीटर दूर स्थित है। ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया।

इस भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई में था। संभावित खतरे को देखते हुए अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया है। डोमिनिकन गणराज्य के अधिकारियों ने भी अपने द्वीप क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी की है। हालांकि, प्यूर्टो रिको के लिए पहले जारी किया गया अलर्ट बाद में वापस ले लिया गया। गृह मंत्री दियोस्दादो काबेलो ने कहा कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। उन्होंने बताया कि काराकस के अल्टामिरा इलाके में मकानों और इमारतों के ढहने के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है तथा भारी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। काबेलो ने वाहन चालकों से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की अपील की है।












