
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज, नीरज धीमान। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार, पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने छात्रों में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवन शैली के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, पंजाब ने इस संबंध में ‘ईको क्लब फॉर मिशन के तहत राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।

चूंकि वर्तमान में गर्मियों की छुट्टियों के कारण स्कूल बंद हैं, इसलिए विभाग ने विद्यार्थियों के लिए 30 जून 2026 तक अपने घरों में ही रहकर ‘ग्रीन समर कैंप’ के तहत पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियां करने का निर्णय लिया है।
मिशन LiFE के तहत छात्र करेंगे ये मुख्य गतिविधियां
सभी स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों को हिदायत दी गई है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों को निम्नलिखित सात मुख्य थीम पर आधारित गतिविधियों के लिए प्रेरित करें:
· ई-कचरा कम करना : छात्र घरों से पुराना इलेक्ट्रॉनिक कचरा इकट्ठा कर उसकी सूची बनाएंगे, और शिक्षक उन्हें इसके सही निपटान के बारे में जागरूक करेंगे।
· कचरा प्रबंधन : छात्र अपने आसपास की सफाई करेंगे और शिक्षक उन्हें ‘टू-बिन सिस्टम’ (Two-bin system) तथा गीले-सूखे कचरे को अलग करने की जानकारी देंगे।
· ऊर्जा और जल संरक्षण : विद्यार्थी बिजली की बचत करेंगे और घरों में पानी की लीकेज चेक करके एक साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार करेंगे।
· प्लास्टिक को ना : छात्र सिंगल-यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करेंगे और इस विषय पर पोस्टर मेकिंग, डिबेट व स्लोगन राइटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
1 जुलाई से स्कूलों में चलेंगी गतिविधियां
SCERT की निदेशक द्वारा जारी पत्र के अनुसार, छुट्टियां खत्म होने के बाद 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक स्कूल स्तर पर इन गतिविधियों को बड़े स्तर पर करवाया जाएगा। सभी स्कूल प्रमुखों के लिए यह अनिवार्य होगा कि वे इन गतिविधियों के डेटा और तस्वीरों को ‘ईको क्लब फॉर मिशन LiFE’ के आधिकारिक पोर्टल पर समय रहते अपलोड करें। इसके साथ ही भारत की जलवायु प्रतिबद्धताओं और जलवायु परिवर्तन से जुड़े जागरूकता पोस्टरों को भी स्कूलों में प्रदर्शित किया जाएगा。












