
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) होशियारपुर हरजिंदर कौर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नसराला तथा सरकारी स्कूल चक्क गुज्जरा का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की पढ़ाई, मिशन समर्थ के तहत चल रहे कार्यों तथा विभिन्न विभागीय रिकॉर्ड का गहनता से जायजा लिया।

दौरे के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और उनसे पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों तथा मिशन समर्थ के तहत करवाई जा रही शैक्षणिक पहलों के बारे में बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी शैक्षणिक गतिविधियों और अनुभवों को साझा किया। हरजिंदर कौर ने स्कूलों में रखे गए हाजिरी रजिस्टर, अकादमिक रिकॉर्ड, मिशन समर्थ से संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य विभागीय रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने स्कूल प्रमुखों और अध्यापकों को रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा विभागीय निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को और बेहतर बनाने के लिए अध्यापकों को निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिशन समर्थ के तहत निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए अध्यापकों से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में सुधार के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मिशन समर्थ का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी और विषयगत दक्षताओं को मजबूत बनाना है, इसलिए सभी अध्यापक इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में चल रहे शैक्षणिक कार्यों और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों स्कूलों में अध्यापकों द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए स्कूल स्टाफ पूरी लगन से कार्य कर रहा है।
हरजिंदर कौर ने कहा कि पंजाब सरकार और शिक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है। इसके लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि अध्यापक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और मिशन समर्थ सहित सभी विभागीय कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना योगदान दें।












