
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खड़कां में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व (जन्म वर्ष) के पावन अवसर को समर्पित एक विशेष पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर स्कूल के अध्यापकों और विद्यार्थियों ने मिलकर पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से संबंधित जागरूकता मुहिम चलाई।

कार्यक्रम के दौरान गुरु रविदास जी की पावन स्मृति को नमन करते हुए सभी को पर्यावरण की महत्ता को समझने और प्रकृति के संतुलन को चिरस्थायी बनाए रखने की प्रेरणा दी गई। वक्ताओं ने संदेश दिया कि हरियाली को बढ़ाना और वृक्षों की रक्षा करना ही महापुरुषों के विचारों पर चलने का सच्चा माध्यम है।
यह पूरी मुहिम ब्लॉक होशियारपुर 2बी के अंतर्गत आने वाले सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खड़कां के प्रिंसिपल तरलोचन सिंह की संजीदा और कुशल अगुवाई में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। प्रिंसिपल तरलोचन सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करना भी हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर स्कूल के अध्यापकों और अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, जिनमें परमिंदर सिंह, रवि कुमार, सुखवीर सिंह, विजय कलसी, मीनाक्षी, दलजीत किंद, निधि शर्मा, अमनप्रीत कौर, सुषमा देवी, मोनिका राणा, अजय कुमार और रमणीक घुम्मन शामिल थे। सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण को शुद्ध और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।












