
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब होशियारपुर मिडटाउन द्वारा वार मेमोरियल, होशियारपुर में एक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 1999 के कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को याद किया गया और उन्हें पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब मिडटाउन के अध्यक्ष राकेश कपूर ने की। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल जे.एस. ढिल्लों मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में हमारे जवानों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया था। उनकी शहादत के कारण ही आज हम चैन की सांस ले रहे हैं।

इस मौके पर रोटरी क्लब के सदस्यों, शहीदों के परिजनों और शहर के गणमान्य लोगों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत और शहीदों के जीवन पर विचार भी प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर राकेश कपूर ने कहा कि रोटरी क्लब हर साल कारगिल विजय दिवस पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है ताकि नई पीढ़ी को देशभक्ति और बलिदान के मूल्यों से अवगत कराया जा सके। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर मनोज ओहरी, सतीश गुप्ता, संजीव ओहरी, प्रवीण बबी, जोगिंदर सिंह, जगमीत सिंह सेठी, एलएन वर्मा व गोविन कपूर भी मौजूद थे।












