Tuesday, October 6, 2026
Home Hoshiarpur धार्मिक स्थलों के समीप शराब व मांस की दुकानें किसी भी सूरत...

धार्मिक स्थलों के समीप शराब व मांस की दुकानें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होंगी: राजेंद्र राणा


होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि भरवाई रोड पर बजरंगबली की प्रतिमा के सामने तथा आशा देवी माता मंदिर के निकट संचालित शराब के ठेके को नवरात्रों से पहले तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि अगस्त माह से शुरू होने वाले पावन नवरात्रों के दृष्टिगत शिवसेना हिंदुस्तान का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के सहायक आयुक्त को लिखित ज्ञापन सौंपकर उक्त ठेके को तत्काल बंद करने की मांग करेगा।

Advertisements

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की भावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके कारण नवरात्रों के दौरान भी धार्मिक मार्ग पर शराब और मांस की दुकानें संचालित होती रहीं। इससे हजारों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था आहत हुई और लोगों में भारी रोष देखने को मिला।

राजेंद्र राणा ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि इस वर्ष नवरात्रों के दौरान धार्मिक स्थलों और श्रद्धालुओं के मार्ग पर शराब एवं मांस की दुकानों का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। प्रशासन समय रहते आवश्यक एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन इस विषय पर समय रहते उचित कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो शिवसेना हिंदुस्तान कानून के दायरे में रहकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से व्यापक जनआंदोलन, धरना-प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।

शिवसेना हिंदुस्तान ने जिला प्रशासन से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नवरात्रों से पूर्व संबंधित शराब के ठेके एवं धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित दुकानों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।इस अवसर पर बिट्टू लंगेरी, अमित राणा, अमन राणा, दीपक दीप, सतीश कुमार, भूपिंदर कुमार, जस्सी आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here