
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने हमेशा सफाई कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यहाँ आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान ऐतिहासिक फैसले लेते हुए प्रदेश भर में 7 हजार सफाई कर्मचारियों को रेगुलर किया है, जबकि ठेका आधार पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन 10,500 रुपए से बढ़ाकर 20,500 रुपए किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।

विधायक ज़िम्पा ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर भी गंभीरता से विचार कर रही है और चरणबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से पंजाब में जनकल्याण को केंद्र में रखकर अनेक लोकहितकारी योजनाएं लागू की गई हैं। इनमें प्रत्येक परिवार को 600 यूनिट मुफ्त बिजली, वर्षों से रुकी सरकारी भर्तियों को दोबारा शुरू करना, आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, सड़कों का व्यापक विकास, 19 से अधिक टोल प्लाजा बंद करना, मावां-धीयां सत्कार योजना, मुख्यमंत्री सेहत योजना तथा 65 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देना प्रमुख उपलब्धियां हैं। ब्रम शंकर ज़िम्पा ने इस दौरान सफाई कर्मचारी यूनियनों को अपील करते हुए कहा कि वे जन कल्याण के लिए सरकार के प्रयासों को सहयोग करें।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जसपाल सिंह चेची ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और उनके योगदान का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी उनकी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद सुरिंदर कुमार भी उपस्थित थे।












