
पंचकूला (द स्टैलर न्यूज़)। पंचकूला में रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पंचकूला सेक्टर-2 स्थित एक कोठी में घरेलू सहायिका ने अपनी मालकिन की हत्या कर शव को छिपा दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला अपनी घरेलू सहायिका से घर से गायब हुए सोने के गहनों के बारे में पूछताछ करने गई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और सहायिका ने उसकी हत्या कर दी। मृतका के पति भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन हैं। आरोप है कि नौकरानी ने वारदात के बाद महिला का शव पड़ोसी की छत पर छिपा दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में पता चला कि घर से गहने चोरी हुए थे और मालकिन को घरेलू सहायिका पर शक था। जब उसने चोरी के बारे में पूछताछ की तो आरोपी घरेलू सहायिका ने हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी नौकरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।












