
असम (द स्टैलर न्यूज़)। असम के नागांव जिले में एक CRPF अफसर ने अपने दो साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी। एक अन्य को घायल कर दिया। इसके बाद सीआरपीएफ अफसर ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मामले की अधिक जानकारी देते हुए नागांव की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (HQ) परिमिता सरकार ने कहा कि यह घटना सुबह करीब 7 बजे कटिमारी में 34 बटालियन कैंप में हुई है। जब मुख्य गेट पर ड्यूटी पर तैनात ASI/GD बल्लानी प्रेमाबारम ने अपने साथियों पर गोली चला दी। DSP ने बताया कि बाद में ASI ने खुद को गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दो जवान, HV/GD विष्णु प्रसाद बघेल और SI/GD रामनवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

परिमिता सरकार ने बताया कि घटना में एक अन्य CRPF जवान ASI/Mane गोविंद श्रीपुल घायल हो गया। उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि CRPF और पुलिस के सीनियर अफसर कैंप पहुंचे और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मृतक सीआरपीएफ के एएसआई बल्लानी प्रेमाबारम ने किन वजहों से अपने साथियों पर गोली चलाई। इसकी वजह सामने नहीं आई है। गोली चलाने वाले जवान ने खुद को गोली मारकर खत्म कर लिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसने एकदम से फायरिंग करना शुरू कर दिया। सीआरपीएफ के अधिकारी और पुलिस की टीम इन सब एंगल पर जांच में जुटी है। इस घटना के बाद से सीआरपीएफ कैंप में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बाकी सीआरपीएफ जवान भी अलर्ट मोड पर हैं। मामले की जांच भी की जा रही है।












