
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज)। होशियारपुर से आगरा कैंट जाने वाली ट्रेन संख्या 11906 के एसी टू टियर (कोच A-2) में 30 जुलाई को यात्रा कर रहे यात्रियों को पूरी रात चूहों के आतंक का सामना करना पड़ा। इस संबंध में भाजपा नेता एवं समाजसेवी कृष्ण अरोड़ा ने बताया कि होशियारपुर से मथुरा तक की यात्रा के दौरान कोच में कई चूहे लगातार सीटों के नीचे, ऊपर तथा यात्रियों के सामान के बीच दौड़ते रहे। इससे यात्रियों में भय और असहजता का माहौल बना रहा तथा कोई भी चैन की नींद नहीं सो सका। श्री अरोड़ा ने बताया कि परेशान यात्रियों ने तत्काल टिकट चेकर (टीटीई) को बुलाकर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद कुछ यात्रियों की सीटें दूसरे स्थान पर बदल दी गईं, लेकिन वहां भी चूहों की मौजूदगी के कारण समस्या जस की तस बनी रही। पूरी रात यात्रियों को डर और असुविधा के बीच सफर करना पड़ा और उन्होंने कहा कि जब सुबह ट्रेन मथुरा स्टेशन पहुंची, तभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।

कृष्ण अरोड़ा ने कहा कि भारतीय रेलवे अपनी आधुनिक सुविधाओं और यात्री सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन इस प्रकार की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि सभी ट्रेनों, विशेषकर एसी कोचों में नियमित कीट एवं चूहा नियंत्रण (पैस्ट कंट्रोल),गहन सफाई और समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी यात्री, बच्चे या बुजुर्ग को चूहा काट ले तो गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसलिए रेलवे को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी यात्री को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।कृष्ण अरोड़ा ने कहा कि यात्रियों से किराया तो पूरी सुविधा का लिया जाता है, इसलिए उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और भयमुक्त यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की जिम्मेदारी बनती है।












