Tuesday, October 27, 2026
Home Hoshiarpur बिजली की समस्या का समाधान होने पर पीएसपीसीएल के अधिकारियों को किया...

बिजली की समस्या का समाधान होने पर पीएसपीसीएल के अधिकारियों को किया सम्मानित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बस्सी ख्वाजु बाजार में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या का समाधान होने पर बाजार की ओर से प्रधान दीपक नरूला के नेतृत्व में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एस.डी.ओ. विक्रांत जोशी, जे.ई सरबजीत सिंह सहित ट्रेड विंग के सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया गया।समारोह में भारत विकास परिषद के प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Advertisements

इस अवसर पर प्रधान दीपक नरूला ने बताया कि बसी ख्वाजा बाजार में लंबे समय से बिजली का लोड कम होने के कारण पूरे क्षेत्र के दुकानदारों एवं निवासियों को बिजली की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। कम वोल्टेज तथा बार-बार बिजली बाधित होने के कारण व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। इस समस्या को लेकर बाजार के सदस्यों द्वारा पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों से संपर्क किया गया तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभाग को लिखित रूप में भी अवगत करवाया गया।दीपक नरूला ने कहा कि पी.एस.पी.सी.एल. अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की तथा क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवाया गया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद बसी ख्वाजु बाजार एवं आसपास के क्षेत्र में बिजली की समस्या में काफी सुधार हुआ और लोगों को राहत मिली। उन्होंने कहा कि जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए उसका शीघ्र समाधान करवाने के लिए बाजार की ओर से पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संजीव अरोड़ा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की मूलभूत समस्या का समय पर समाधान होना लोगों के लिए बड़ी राहत की बात है। उन्होंने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड अधिकारियों द्वारा बसी ख्वाजु बाजार की समस्या का संज्ञान लेकर उसे प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं विभागों के साथ सकारात्मक तालमेल बनाकर जनसमस्याओं का समाधान करवाना समाज एवं व्यापारिक संगठनों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। समारोह के दौरान बाजार के सदस्यों ने भी पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है और दुकानदारों को राहत मिली है।इस अवसर पर उपाध्यक्ष सचिन पाल, गुरजीत सिंह, नरेश भोला, सोढ़ी विग, संदीप भाटिया, सतपाल, समीर वर्मा तथा अंकुश पट्टी सहित ट्रेड विंग के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here