
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। यमन और सोमालिया के तट के पास दो विभिन्न घटनाओं में 22 भारतीय नागरिकों को लेकर जा रहे दो वाणिज्यिक जहाजों को समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया। दोनों घटनाओं ने हॉर्न ऑफ अफ्रीका के आसपास के समुद्री क्षेत्र में समुद्री डकैती का खतरा एक बार फिर बढ़ने की चिंता पैदा कर दी है। इरिट्रिया के झंडे वाले तेल उत्पाद टैंकर M.T. Sibu 1 को यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर अदन की खाड़ी में हाईजैक किया गया। जहाज पर कुल 20 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल हैं।

समुद्री प्रशासन निदेशालय की ओर से तैयार रिपोर्ट के मुताबिक, सभी 20 चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। हालांकि, जहाज और चालक दल की मौजूदा स्थिति को लेकर ताजा जानकारी का इंतजार है। जहाज के चालक दल में 16 भारतीय नागरिकों के अलावा एक सीरियाई, एक सूडानी और एक इराकी नागरिक शामिल हैं। वहीं, एक अन्य नाविक की नागरिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, चालक दल की भर्ती और नियुक्ति करने वाली सेवा लाइसेंस एजेंसी से घटना की रिपोर्ट मांगी गई है। एसकेएस क्रीशीव मरीन सर्विसेज के सुमित कांत सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी ने चालक दल के चार सदस्यों की भर्ती की थी। इनसे संबंधित जानकारी समुद्री प्रशासन निदेशालय को उपलब्ध करा दी है।












