
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने सरकारी कॉलेज होशियारपुर में लगाए गए वोटर रजिस्ट्रेशन कैंप में मुख्यातिथि के तौर पर कैंप का दौरा किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें मतदान के अधिकार तथा लोकतंत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूक किया।

इस अवसर पर करमजीत कौर ने कहा कि युवा देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक योग्य युवा का मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि जो युवा मतदान की निर्धारित आयु पूरी कर चुके हैं, वे अपना नाम वोटर सूची में दर्ज करवाएं और अपने मताधिकार का जिम्मेदारी एवं समझदारी से इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी देश के भविष्य को बेहतर दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी वोटर रजिस्ट्रेशन तथा मतदान के प्रति जागरूक करें।
इस दौरान उन्होंने ‘मेरी वोट, मेरा अधिकार-मेरा फर्ज’ का संदेश देते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ ही लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है। इस अवसर पर सरकारी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सविता गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एसआईआर नोडल अधिकारी तजिंदर सिंह तथा ईएलसी और स्वीप कमेटी के सदस्य उपस्थित थे।












