
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की पहली स्पेस अकादमी डिजाइन करने के लिए एक कमीशन बनाने का आदेश दिया है। नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर में एक समारोह के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि चांद, मून बेस और मंगल जैसे भविष्य के मिशनों के लिए कुशल सर्विस मेंबर्स, इंजीनियर्स और सिविल ऑपरेटर्स की पूरी नई पीढ़ी तैयार करने की जरूरत है। नासा के नेतृत्व में बनने वाला यह संस्थान वेस्ट पॉइंट और एयर फोर्स एकेडमी के स्तर का होगा। नासा प्रशासक जेरेड आइजैकमैन की अध्यक्षता वाला यह कमीशन 120 दिनों में अकादमी के सिलेबस, जगह और नियमों का ब्लू प्रिंट सौंपेगा।

प्रेसिडेंट ट्रंप ने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए बताया कि इसे यूएस स्पेस अकादमी कहा जाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकारी आदेश के तहत ‘यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस एकेडमी’ के गठन के लिए एक विशेष कमीशन बनाया गया है। यह संघीय संस्थान नासा की अगुवाई में संचालित होगा, जिसमें एडवांस तकनीकी शिक्षा के साथ लीडरशिप, अनुशासन और लोक सेवा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन इस आयोग की अध्यक्षता करेंगे। नासा के उप प्रशासक मैट एंडरसन इसके कार्यकारी निदेशक के रूप में काम करेंगे। समारोह में ट्रंप ने कहा कि इस संस्थान को अमेरिका की स्थापित सर्विस अकादमियों के बराबर होना चाहिए। इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि और चाहे वह वेस्ट पॉइंट हो, एनापोलिस हो, कोस्ट गार्ड एकेडमी हो, अगर आप एयर फोर्स एकेडमी को देखें, तो हम आपके लोगों के लिए एक एकेडमी बनाने जा रहे हैं, इस कमरे में हर कोई उत्साहित होगा, और यह उसी स्तर पर होगा।












