
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन शिव मंदिर, चब्बेवाल में किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं का आनंद लेते हुए उनके आध्यात्मिक संदेशों को आत्मसात किया।

इस अवसर पर श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी सुश्री ब्रह्मनिष्ठा भारती जी ने श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए उनमें छिपे गूढ़ जीवन रहस्यों एवं आध्यात्मिक संदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान श्री कृष्ण की लीलाएं केवल कथा अथवा मनोरंजन का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन को परम सत्य की ओर ले जाने वाली प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रह्म ज्ञान के माध्यम से ही मनुष्य अपने भीतर विद्यमान उस परम तत्व का साक्षात्कार कर सकता है, जो समस्त सृष्टि का आधार है। श्री कृष्ण ने अपने जीवन एवं श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश के माध्यम से मानव को आत्मज्ञान, निष्काम कर्म और परमात्मा से जुड़ने का मार्ग दिखाया। वास्तविक भक्ति केवल बाहरी आडंबर नहीं, बल्कि ब्रह्म ज्ञान द्वारा अपने वास्तविक स्वरूप को जानकर परमात्मा से एकाकार होने की यात्रा है।
कार्यक्रम के दौरान मधुर भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण जी की महिमा का गुणगान किया। कृष्ण महिमा एवं भजनों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और भक्तिरस में झूमते हुए नृत्य करने लगे। पूरा वातावरण “राधे-राधे” एवं “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री कृष्ण की पावन आरती की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस प्रकार प्रेम, भक्ति, ज्ञान एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत वातावरण में भगवान श्री कृष्ण का जन्म महोत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।












