
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शिव मंदिर, मॉडल टाउन, होशियारपुर में भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं का आनंद लेते हुए उनके जीवन में छिपे गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम में आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी मीमांसा भारती जी ने भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने लीलाओं में छिपे गहन जीवन रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि श्री कृष्ण का जीवन मानव को प्रेम, भक्ति, कर्म और आध्यात्मिक जागृति का संदेश देता है।

साध्वी जी ने ब्रह्म ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल सांसारिक सुखों की प्राप्ति नहीं, बल्कि परमात्मा का साक्षात्कार करना है। उन्होंने बताया कि ब्रह्म ज्ञान के माध्यम से मनुष्य अपने भीतर विद्यमान परम तत्व को अनुभव कर सकता है और ईश्वर के साक्षात दर्शन की दिशा में आगे बढ़ सकता है। श्री कृष्ण द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता में दिए गए दिव्य ज्ञान का उद्देश्य भी मानव को आत्मबोध एवं परम सत्य से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान मधुर भजनों के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण का गुणगान किया गया। भक्ति से ओत-प्रोत भजनों एवं श्री कृष्ण की महिमा का श्रवण कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और भक्तिरस में झूमते हुए नृत्य करने लगे। पूरा वातावरण “राधे-राधे” एवं “जय श्री कृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री कृष्ण की पावन आरती की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस प्रकार प्रेम, भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर वातावरण में भगवान श्री कृष्ण का जन्म महोत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।











