
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार के खेल विभाग की ओर से करवाए जा रहे ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ सीजन-4 के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबलों के दूसरे दिन जिले के विभिन्न ब्लॉकों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन मुकाबलों में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी सर्कल स्टाइल, कबड्डी नेशनल स्टाइल, वॉलीबॉल शूटिंग, वॉलीबॉल स्मैशिंग और फुटबॉल के मुकाबले करवाए गए। जिला खेल अधिकारी होशियारपुर सुरजीत सिंह ने बताया कि ब्लॉक होशियारपुर-2 के अंतर्गत गांव बोहन के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करवाए गए मुकाबलों में अंडर-14 लड़कों की खो-खो प्रतियोगिता में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारू नंगल की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बोहन ने दूसरा और कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल आदमवाल ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार अंडर-17 लड़कियों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दशमेश स्पोर्ट्स क्लब, बसी हस्त खां की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, जियाण की टीम दूसरे स्थान पर रही। उन्होंने कहा कि जिले की लड़कियों ने विभिन्न खेल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा का परिचय दिया। ब्लॉक गढ़शंकर में ब्लॉक स्तरीय खेलों के दूसरे दिन हुए मुकाबलों में वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-17 लड़कों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में महिंदबाणी की टीम ने पहला, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बीनेवाल ने दूसरा और गांव बीनेवाल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों ने शानदार प्रदर्शन के साथ फाइनल में प्रवेश किया। वहीं अंडर-21 लड़कों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गांव बीनेवाल की टीम पहले और शहीद भगत सिंह क्लब, गढ़शंकर की टीम दूसरे स्थान पर रही।
ब्लॉक टांडा के ज्ञानि करतार सिंह मेमोरियल कॉलेज में आयोजित एथलेटिक्स मुकाबलों में अंडर-14 लड़कों की 600 मीटर दौड़ में अभिजोत सिंह ने पहला, तनवीर सिंह ने दूसरा और नवजोत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में नितेश ने पहला, बलदीप सिंह ने दूसरा, मनकीरत सिंह ने तीसरा और गुरनूर सिंह ने चौथा स्थान हासिल किया। ब्लॉक मुकेरियां के कैंप ग्राउंड में आयोजित अंडर-14 लड़कियों की 600 मीटर दौड़ में खेवना ठाकुर ने पहला और रिधि ठाकुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-17 लड़कियों की कबड्डी सर्कल स्टाइल प्रतियोगिता में गोल्ड पब्लिक स्कूल, रंगां मुकेरियां की टीम विजेता रही। इसी प्रकार 21-30 वर्ष आयु वर्ग की कबड्डी नेशनल स्टाइल प्रतियोगिता में अर्सी कैंपस ग्राउंड मुकेरियां की टीम ने जीत दर्ज की।
जिला खेल अधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय खेलों के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इन खेल मुकाबलों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और पंजाब में खेल संस्कृति को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 12 सितंबर 2026 तक इसी तरह जारी रहेंगे।












