Thursday, September 10, 2026
Home Hoshiarpur खेडां वतन पंजाब दियां-2026 में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट भी होगा...

खेडां वतन पंजाब दियां-2026 में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट भी होगा शामिल

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार एवं खेल विभाग की ओर से करवाए जा रहे ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ सीजन-4 के तहत ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 14 व 15 सितंबर को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में करवाए जाएंगे। इस बार खेल विभाग की ओर से पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में इन खेलों में शामिल किया गया है। जिला खेल अधिकारी होशियारपुर सुरजीत सिंह ने बताया कि टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लड़कों/पुरुषों के वर्ग में करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों के अधीन आने वाले गांवों के खिलाड़ी इन मुकाबलों में हिस्सा ले सकेंगे।

Advertisements

उन्होंने बताया कि टेनिस बॉल क्रिकेट के ब्लॉक स्तरीय मुकाबले मुकेरियां के कैंप ग्राउंड, टांडा के ज्ञानी करतार सिंह मेमोरियल कॉलेज, गढ़शंकर के मुख्यमंत्री खेल मैदान गांव साधोवाल, भंगाला के खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल गढ़दीवाला, हाजीपुर के गांव रैली, दसूहा के आर्मी ग्राउंड, होशियारपुर-1 के आउटडोर स्टेडियम होशियारपुर तथा माहिलपुर के गांव नूरपुर में करवाए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित ब्लॉकों में विभाग की ओर से नियुक्त कन्वीनर एवं को-कन्वीनर मुकाबलों के आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सुरजीत सिंह ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ पंजाब के युवाओं को खेलों के साथ जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। टेनिस बॉल क्रिकेट को पहली बार प्रदर्शनात्मक खेल के तौर पर शामिल करने से इस खेल से जुड़े खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे इन मुकाबलों में अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लें और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि खेल विभाग की ओर से जिले में खेलों के स्तर को ऊंचा उठाने तथा युवाओं को बेहतर खेल मंच उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here