Tuesday, November 10, 2026
Home Hoshiarpur अगर बेटियां नहीं होंगी तो कैसे मनेगा भैया दूज: संजीव अरोड़ा

अगर बेटियां नहीं होंगी तो कैसे मनेगा भैया दूज: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भैया दूज का त्योहार हमें पारिवारिक रिश्तों की अहमियत का संदेश देता है। इसी अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने एक विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए समाज से बेटियों के प्रति अपनी सोच बदलने और उन्हें समान अधिकार एवं सम्मान देने की अपील की।संजीव अरोड़ा ने कहा कि आज समाज के सामने एक बड़ा सवाल है कि अगर बेटियां नहीं होंगी तो कैसे मनेगा भैया दूज, जब बेटियां ही नहीं होंगी तो भाई के माथे पर तिलक कौन लगाएगा और भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की खुशियां कैसे मनाई जाएंगी यह सोचने और आत्ममंथन करने का विषय है कि आखिर आज भी कुछ लोग बेटियों को जन्म देने से क्यों डरते हैं। श्री अरोड़ा ने कहा कि बेटी किसी परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों, संस्कारों और सम्मान का आधार होती है। आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन, सेना, व्यापार और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। इसके बावजूद यदि समाज में बेटा और बेटी के बीच भेदभाव किया जाता है, तो यह हमारी सामाजिक सोच पर प्रश्नचिह्न है।

Advertisements

श्री अरोड़ा ने आगे कहा कि भैया दूज जैसे त्योहार केवल परंपराओं और रस्मों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमें रिश्तों की अहमियत और बेटियों के सम्मान का भी संदेश देते हैं। जिस घर में बेटी जन्म लेती है, वहां खुशियों का एक नया अध्याय शुरू होता है। इसलिए बेटी के जन्म पर भी उसी उत्साह और खुशी के साथ जश्न मनाना चाहिए, जिस प्रकार बेटे के जन्म पर मनाया जाता है।संजीव अरोड़ा ने अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि बेटियों को अच्छी शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, आत्मनिर्भर बनने के अवसर और परिवार में बराबरी का स्थान दिया जाए। कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।

अंत में श्री अरोड़ा ने कहा कि बेटियों को बचाना केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है। आइए, इस भैया दूज पर संकल्प लें कि हम बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज का गौरव समझेंगे तथा उन्हें जन्म लेने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का पूरा अधिकार देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here