
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रक्तदान जिसे महादान भी कहते हैं तथा इसे जीवन रक्षक भी माना गया है। इसलिए आज कई संस्थाएं रक्तदान जागरुकता एवं कैंप आदि का आयोजन करके रक्तदान के प्रति संदेश फैला रही हैं। इसी का अनुसरन करते हुए कैनेडा से आए गौरव धीर ने स्वैच्छता से रक्तदान करके मिसाल पेश की। युवा गौरव धीर एक दिन पहले ही कैनेडा से आए थे और उन्हें जैसे ही पता चला कि सिविल अस्पताल में किसी संस्था द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है तो वह तुरंत अपने दादा पूर्व पार्षद सुदर्शन धीर के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे और उन्होंने रक्तदान करके इस पुण्य कार्य में योगदान डालने का संदेश दिया।

इस मौके पर गौरव धीर ने युवाओं से अपील की कि वह बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के रक्तदान मुहिम से जुड़ें और किसी अमूल्य जिंदगी को बचाने में सहयोग करें। इस अवसर पर पूर्व पार्षद धीर ने कैंप के आयोजकों को बधाई देते हुए उनकी सराहना की और कहा कि जो संस्थाएं ऐसे पुण्य कार्य करके समाज की सेवा करते हैं उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाता है, जो प्रेरणास्रोत होता है। इसलिए नेक कार्य करने से पहले किसी भी तरह का सोच विचार नहीं करना चाहिए और उसे बढ़चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस मौके पर दिनकर कपिला, प्रमोद शर्मा व अन्य भी मौजूद थे।











