
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। योग साधन आश्रम मॉडल टाउन में साप्ताहिक सत्संग के दौरान भक्तों का मार्गदर्शन करते हुए मुख्य आचार्य चंद्र मोहन जी ने कहा कि जीवन एक महासागर है। जिससे हम पार होने के लिए प्रार्थना करते हैं। लेकिन यह भगवान की कृपा के बिना संभव नहीं है। प्रार्थना बहुत जरूरी है लेकिन उससे भी जरूरी है प्रयत्न करना। जब यह दोनों चीज मिल जाती है तो हम अवश्य सफल हो जाते हैं। इसके लिए प्रभु जी ने हमारे सामने चार प्रकार के योग रख दिए। जिनकी सहायता से हम भवसागर से पार होने का प्रयत्न कर सकते हैं। इनमें हठ योग राजयोग, भक्तियोग और बुद्धियोग है। कर्म योग को बुद्धि योग भी कहा गया है। तथा ज्ञान योग भी कहा गया है। हमें जो जीवन मिला है यह कर्म योग के लिए मिला है। मनुष्य और पशु में यही अंतर है। पशु को कहते हैं भोग योनी। भोग योनी का मतलब है केवल खाना और कर्म योनी का मतलब है इसके लिए कमाई भी करनी है। हठ योग द्वारा हम अपने जीवन को ठीक बनाने का प्रयास करें। पशुओं के शरीर इतने नहीं बिगड़ते जितने हमारे बिगड़ते हैं। इसीलिए हमारे सामने हठयोग है। पशुओं को हठयोग करने की जरूरत नहीं है। लेकिन हमें जरूरत है। आहार निद्रा आदि में पशु और मनुष्य एक जैसे ही है। परंतु मनुष्य में ज्ञान भी है।

ज्ञान के बिना तो मनुष्य पशु के समान है। शरीर के साथ मन भी है जो कदम कदम पर बिगड़ता रहता है। उन्होंने कहा कि हमें ब्रह्म मुहूर्त में उठना चाहिए क्योंकि सुस्ती ही बीमारी का असली कारण होता है। हम हर समय लाभ की कामना करते हैं लेकिन लाभ से ही लोभ बढ़ता है। आज तो कई लोग केवल लोभ के लिए ही काम करते हैं। हम भगवान से अपने निजी लाभ के लिए ही कुछ मांगते हैं। अपने इच्छा के घोड़े से गाड़ी नहीं चलेगी इसके लिए प्रारब्ध भी काम आएगा। राज् योग के यम नियम माया से बचने के लिए है। यही हमारे मन को शुद्ध करते हैं। हमें ज्ञान योग दिया। बुद्धि के दो रूप होते हैं। बुद्धि का एक हिस्सा असुरों का है और दूसरा देवताओं का। इनके साथ मन भी जुड़ा हुआ है जिधर को यह जाएगा हमारी प्रवृति भी उसी तरफ जाएगी। इसलिए मन को देवताओं का साथी बनाओ। हमें योग के साधनों के साथ-साथ मुद्राओं को भी करने का प्रयास करना चाहिए। इसके अलावा प्राणायाम करो। केवली प्राणायाम सारा दिन किया जा सकताहै।











