
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। हरखोवाल में संत ज्वाला सिंह जी की 69वीं बरसी श्रद्धा एवं सेवाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर 11 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ करवाए गए, जबकि 13 नवंबर को भोग डाले गए। धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ इस मौके पर मानव सेवा के कार्य भी किए गए। 12 और 13 नवंबर को संत बाबा ईश्वर सिंह जी (हरखोवाल वाले) मेमोरियल यूथ सेवा सोसायटी, चौधरी नंद लाल इंस्टीट्यूट तथा संत बाबा ज्वाला सिंह लंगर कमेटी के सहयोग से निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया।

कैंप के दौरान डॉ. वरिंदर सैनी, डॉ. ममता और ज्ञान चंद ने 1200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य चेकअप किया तथा जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां वितरित कीं। इसके अलावा गांव हरखोवाल के निवासियों के सहयोग से गुरु का अटूट लंगर भी लगाया गया। वहीं भाई कन्हैया की ओर से रक्तदान कैंप का आयोजन कर मानवता की सेवा का संदेश दिया गया। इस मौके पर जसविंदर सिंह थियाड़ा, गुरदेव सिंह थियाड़ा, पवित्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, गुरजीत सिंह, अवतार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












