
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को मौका दिए जाने की बात कहने से कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया है तथा लंबे समय से पार्टी की सेवा में लगे कांग्रेस के सिपाहियों में एक आस बंधी है। जिसके चलते वह और भी उत्साह के साथ पार्टी की मजबूती में जुट गए हैं और यही कांग्रेस की जीत का मार्ग होगा। यह बात वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमरपाल सिंह काका ने सचिन पायलट की बात का स्वागत करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जिसने सदैव अपने कार्यकर्ताओं की बांह पकड़ी है और एक तरफ जहां प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह कांग्रेस को एकजुट एवं मजबूत बनाने के प्रयास कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ प्रदेश प्रभारी की यह सोच कांग्रेस की नींव को मजबूत बनाने का काम कर रही है। जिसके चलते कांग्रेस पार्टी से जुड़े हर कार्यकर्ता में नई ऊर्जा का संचार बढ़ा है तथा हर कार्यकर्ता सरकार बनाने के लिए जी-तोड़ मेहनत में जुट चुका है। मौजूदा आप सरकार हर फ्रंट पर फेल साबित हुई है तथा अमन कानून का पूरी तरह से दिवाला निकला हुआ है, इसलिए जनता आप को चलता करने का मन बना चुकी है।












