
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। आर्य समाज होशियारपुर की ओर से आर्य समाज मंदिर में 121वां वार्षिक महोत्सव 16 से 21 नवंबर तक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए आर्य समाज के प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि 19 नवंबर तक हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें अरुण कुमार ने मुख्य यजमान के रूप में शिरकत करते हुए हवन यज्ञ में आहुतियां डालकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को ध्वजारोहण के उपरांत भजनों का गुणगान किया जाएगा तथा भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, प्रतिदिन सायं 6:30 से 8 बजे तक भजन संध्या एवं विभिन्न धार्मिक विषयों पर प्रवचन किए जाएंगे। प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि 21 नवंबर को हवन यज्ञ एवं भजन-कीर्तन के उपरांत भंडारा लगाया जाएगा, जिसके साथ ही छह दिवसीय वार्षिक महोत्सव का विधिवत समापन होगा। इस अवसर पर प्रधान प्रदीप कुमार एवं मंत्री चैतन्य वात्स्यायन ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस धार्मिक महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लें और प्रभु की महिमा का गुणगान कर धर्म लाभ प्राप्त करें।












