
होशियारपुर,माहिलपुर (द स्टैलर न्यूज़),रिपोर्ट: गुरजीत सोनू। सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल माहिलपुर में दो दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। स्कूल की प्रिंसिपल सुखजिंदर कौर के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप के दौरान अध्यापक भवनदीप सिंह संघा ने विद्यार्थियों को योग के बारे में बताया कि योग क्या है, योग के नियम, योग के प्रकार और योग आसनों के बारे में बताया। उन्होंने कहा योग का अर्थ एकता या बांधना है।

व्यक्तिगत स्तर पर योग शरीर, मन और भावनाओं को संतुलित करने और तालमेल बनाने का एक साधन है जोकि योग या एकता आसन, प्राणायाम, मुद्रा, बंध, षट्कर्म ओर ध्यान के अभ्यास के माध्यम से प्राप्त होती है। इस तरह से योग जीने का एक तरीका भी है और अपने आप में परम उद्देश्य भी। विद्यार्थियों को अलग-अलग योग आसनों के लाभ बताते हुए संघा ने कहा कि योग शारीरिक स्तर पर ही नहीं बल्कि मानसिक ओर भावनात्मक स्तर पर भी काम करता है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को रोजमर्रा की परेशानियों से मुक्ति पाने के लिए योग अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।












