रैस्लिंग इवेंट के लिए जुटाए जा रहे धन पर सरकार को घेरा, मुकेश अग्निहोत्री ने उठाए सवाल

ऊना (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार की छाया तले आयोजित होने वाले रैस्लिंग इवेंट के लिए जुटाए जा रहे धन पर सरकार को घेरा है। सोमवार को विश्राम गृह ऊना में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान मुकेश अग्रिहोत्री ने प्रदेश सरकार के खेल विभाग, वित्त विभाग व मंत्री मंडल की बैठक के एजेंडे का पत्र जारी करते हुए इस रैस्लिंग इवेंट के पीछे पर्दे में मुख्यमंत्री व खेल मंत्री के बड़े खेल की ओर इशारा किया है।

Advertisements

मुकेश ने कहा कि सरकार को इस आयोजन में मुख्यातिथि बनने का शौंक है। इसलिए प्रदेश की जनता के साथ झूठ बोला जा रहा है। इस खेल इवेंट के लिए कुल साढ़े चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव है और तीन करोड़ की राशि देने को कहा गया था। ग्रेट खली की कंपनी सीडब्लयूई के माध्यम से खेल परिषद व जिला प्रशासन को प्रयोजक बनाकर यह रैस्लिंग इवेंट होना तय किया गया था। इसके बाद कुछ जागरूक अधिकारियों ने इस मामले में सरकार को जगाया और बताया कि ये खेल मान्यता प्राप्त नहीं है। खेल परिषद मान्यता प्राप्त खेलों के लिए पैसा जुटाती है, इसलिए इस खेल को मदद संभव नहीं है।

मुकेश ने कहा कि इतना ही नहीं वित्त विभाग ने भी पैसे देने से इंकार किया और मंत्रीमंडल में देर रात तक बैठक के बावजूद इस पर सहमति नहीं बनी। मुकेश ने कहा कि प्रदेश के खेल मंत्री कभी कह रहे हैं कि ग्रेट खली इस खेल के लिए प्रयोजक ला रहे हैं और कभी कह कर रहे बचा हुआ पैसा मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री अति उत्साह में पूरे इवेंट के पीछे चल रहे खेल पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में खेल मंत्री कई तरह के पापड़ इस खेल के लिए बेल रहे हैं। मुकेश ने आरोप लगाया कि इस पूरे इवेंट के पीछे पर्दे में सरकार हैं। उन्होंने कहा कि बॉर्डर इलाके की संस्कृति को पंजाबी संस्कृति बताकर आपति जताने वाले मुख्यमंत्री बताएं कि इस इवेंट का जो सोशल मीडिया पर प्रचार हो रहा है, वो कौन सी संस्कृति है। क्या इसे देवभूमि की संस्कृति कहा जा सकता है।

नेता विपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि ग्रेट खली दिलीप सिंह हिमाचल की शान है। उन्होंने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके खेल इवेंट को लेकर हमें आपत्ति नहीं है। एतराज सरकार की पर्दे के पीछे चल रही बातों पर हैं। मुकेश ने कहा कि खली को सरकार अकादमी के लिए भूमि दें, उसमें आर्थिक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि ग्रेट खली को खेल या प्लास्टिक का ब्रांड अंबेस्डर बनाना हैं, तो बनाएं, उसका स्वागत है। इस अवसर जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, राणा रणजीत सिंह, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिटूट, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here