मोहल्ला कच्चा टोबा: छत्त से गिरने से विवाहिता कंचन की संदिग्ध अवस्था में मौत, तीन नामजद

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर के मोहल्ला कच्चा टोबा में छत्त से गिरकर विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई, जबकि उसके पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि लडक़ी के ससुराल वालों ने पहले उसे बुरी तरह से पीटा और बाद में छत्त से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर थाना सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल रखवा दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम उपरांत पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के परिवार के बयान के आधार पर पति, ननद एवं प्रेमिका के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।

Advertisements

जानकारी के अनुसार अमनदीप शर्मा पुत्र पवन कुमार शर्मा निवासी शंकर नगर, होशियारपुर ने बताया कि उसकी बहन कंचन शर्मा (28) का विवाह 10 सितंबर 2016 को होशियारपुर के मोहल्ला कच्चा टोबा निवासी निशांत खन्ना के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही उसका पति व अन्य ससुराल वाले और दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे थे। अमनदीप ने बताया कि उन्होंने कंचन के पति व अन्य लोगों को बहुत समझाया था, मगर उन्होंने एक न सुनी। कंचन जब भी इसका विरोध करते तो उसका पति व अन्य लोग उसके साथ मारपीट करते थे। उसने बताया कि निशांत ने विवाह से पूर्व उसकी प्रेमिका रही एक महिला रीतू धामी के साथ दोबारा संबंध बना लिए थे और वह उसके साथ रहने लगा था।

अमनदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार 28 जुलाई की रात करीब साढे 10 बजे कंचन ने फोन पर बताया था कि उसकी जान को खतरा है और वे उसे आकर ले जाएं। उस दौरान उसने बताया था कि उसके पति व ननद ने मिलकर उसे पीटा है और वह लोग उसे जान से मार देंगे। अमनदीप ने बताया कि जब वह कंचन को लेने जा रहे थे कि कंचन की ननद ने फोन पर बताया कि कंचन ने छत्त से छलांग लगा दी है और वे सीधे सिविल अस्पताल ही पहुंचे। जब वे अस्पताल पहुंचे तो कंचन की मौत हो चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कंचन की साजिश के तहत हत्या की गई है। जिसके लिए उसका पति निशांत, ननद दीपिका, निशांत की प्रेमिका रीतू धामी एवं दादी सास जिम्मेदार हैं।

इस संबंधी मृतका के ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्होंने कंचन के साथ मारपीट नहीं की और न ही उसकी हत्या की है। कंचन की मौत छत्त से गिरने के कारण हुई है।

थाना सिटी पुलिस के एस.आई. हरबंस लाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक कंचन शर्मा के पारिवारिक सदस्यों के बयान के आधार पर कंचन शर्मा के पति निशांत खन्ना, बहन अदीति और उसकी प्रेमिका रीतू धामी के खिलाफ धारा 306/34 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here