कांग्रेस सिर्फ घोषणाएं ही करती है और हम काम करके दिखाते हैं: सी.एम. जयराम ठाकुर

हमीरपुर(द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भोरंज विस क्षेत्र के कंजयाण में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि वह लोगों के विकास व काम के लिए हेलीकॉप्टर का प्रयोग करते हैं। उन्होंने एक साल के कार्यकाल में 62 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं हल की। विरोधी हेलीकॉप्टर को लेकर बेवजह शोर मचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनमंच कार्यक्रम शुरु कर प्रशासन को जनता के बीच पंहुचाया। इससे हजारों लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ।

Advertisements

इन कार्यक्रमों में मंत्री भी मौजूद रहते हैं। बीस हजार से ज़्यादा समस्याएं मौके पर ही निपटाई गयी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आज कांग्रेस के लोग भी जनमंच में पंहुचकर अपनी व लोगों की समस्यां हल करवा रहे हैं। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजना की उम्र 80 साल से घटाकर 70 साल कर दी। 1.70 लाख नए लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के दायरे में लाया गया। हिमाचल को एक साल में नौ हजार करोड़ रुपए केंद्र से विकास के लिए मिले हैं। कुल मिलाकर 14 हजार करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने हिमाचल के विभिन्न प्रोजेक्टों के लिए प्रदान किए हैं। सीएम ने कहा कि हमारे प्रयास सफलता की ओर तेज गति से बढ़ रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी की आवश्यक्ता देश को तो है ही, लेकिन हिमाचल के लोगों को पीएम मोदी की आवश्यक्ता ज्यादा जरुरी है। जब भी प्रदेश के लोगों पर संकट आया केंद्र सरकार ने हमारी मदद की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 दिसंबर को धर्मशाला आयेंगे। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से पूर्व हिमाचल के हर घर में गैस का चूल्हा होगा। प्रदेश सरकार ने हिमकेयर के नाम से हेल्थ योजना शुरु की जिसमें पांच लाख रुपए का बीमा किया गया है। जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक कमलेश कुमारी ने भी संबोधित किया।

स्वर्गीय ईश्वर दास धीमान जैसा व्यक्तिव हमेशा याद रहता है

सीएम जयराम ठाकुर ने भोरंज के विधायक रहे व पूर्व मंत्री स्वर्गीय ईश्वर दास धीमान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय धीमान हिमाचल में लंबे समय तक लगातार एक विधानसभा से एक ही पार्टी से जीतने वाले विधायक रहे। काम के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहा। मंत्री रहते हुए स्वर्गीय धीमान जी लोगों के बीच घिरे रहते थे व लोगों के काम करते थे।

विधायक कमलेश कुमारी हैं महिलाओं की प्रियनेत्री

सी.एम. जयराम ठाकुर ने विधायक कमलेश कुमारी की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विधायक कमलेश ने पंचायत स्तर में काम किया। इसीलिए जनसभा में महिलाओं की संख्या ज्यादा है। सी.एम. ने ख़ुशी व्यक्त की कि समाज में महिलायें व बेटियां आगे बढ़ रही हैं।

घोषणाएं: भोरंज में खुलेगा आईपीएच व पीडबल्यूडी डिविजन

जयराम ठाकुर ने घोषणा की कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में 90 करोड़ रुपए से पेयजल योजना बनेगी। सीर खड्ड के तटीयकरण के लिए 157 करोड़ रुपए की योजना भेजी है। केंद्र सरकार से शीघ्र स्वीकृति मिलते ही काम शुरु होगा। भोरंज में आईपीएच डिवीजन व पीडबल्यूडी डिवीजन खोलने की घोषणा करते ही जनसभा तालियों से गूंज उठी। उन्होंने कहा कि भोरंज में बस स्टैंड व अन्य मांगों को भी शीघ्र पूरा करेंगे उन्होंने भोरंज विस क्षेत्र में बडेहर स्कूल को हाई से प्लस टू करने की घोषणा की। इसके अलावा भोरंज सिविल अस्पताल में 50 बैड का प्रबंध होगा। अभी वहां 15 बैड हैं। उन्होंने भोरंज अस्पताल को एफआरयू अस्पताल बनाने की घोषणा भी की। जाहू में पशु औषधालय भी खुलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here