
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के रामगढ़ जैसलमेर इलाके के सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान सरकारी डॉक्टर ने बच्चे को लापरवाही बरतते हुए गलत तरीके से खींचा जिससे बच्चे की मौत हो गई तथा उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए। इस मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए भाजपा के पूर्व सांसद व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखकर इस मामले को आयोग के समक्ष उठाया है।

सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान डाक्टर की लापरवाही से बच्चे के शरीर के दो टुकड़े होने का मामला
इस संबंधी विस्तृत जानकारी देते हुए अविनाश राय खन्ना के कार्यालय से ज्योति कुमार जौली ने बताया कि बीते दिनों दैनिक भास्कर समाचार पत्र के जैसलमेर एडीशन में छपी एक खबर जिसमें बताया गया था कि रामगढ़ जैसलमेर स्थित एक सरकारी अस्पताल में डाक्टर ने प्रसव के दौरान लापरवाही बरतते हुए बच्चे को अमानवीय तरीके से इतने जोर से खींचा कि बच्चे की मृत्यु हो गई तथा उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए थे। अमानवीय ढंग से प्रसव करवाने के इस मामले के संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखकर श्री खन्ना ने मांग की है कि इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कारवाई हो। श्री खन्ना ने आयोग से यह भी मांग की है कि इस मामले में पीडि़त परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिलवाया जाए। खन्ना ने यह भी कहा है कि आयोग इस बात को भी सुनिश्चित करना होगा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर तथा उच्च स्तरीय इलाज की सहूलतें मिलें।












