
इंदौरा (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: अजय शर्मा। इन्दौरा तहसील के अंतर्गत आते गांव माजरा में पंजाब सरकार के नहर विभाग अधिकारियों द्वारा हिमाचल के किसानों के साथ हो रही धक्काशाही, स्थानीय निवासियों के अनुसार उनकी जमीन जो की गांव माजरा में हैं उस पर पंजाब सरकार के नहर विभाग द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है। किसानों द्वारा कहने पर अधिकारियों द्वारा उनके साथ गलत व्यवहार किया जाता है।


पत्रकार से बातचीत में एक किसान गौरव सिंह ने बताया कि उन्होंने 6-7 महीने पहले इस मुद्दे पर सरकारी अधिकारियों से बात की थी लेकिन इस पर कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने बताया कि आज स्तिथि यह है कि अधिकारियों द्वारा हिमाचल प्रदेश की काफी जगह पर खनन कर लिया गया। लेकिन ऐसा लगता है कि सरकारें कुंभकर्ण की नींद सोई हुई हैं।

उन्होंने बताया कि इन्दौरा के उपमंडलाधिकारी नागरिक को भी इसके बारे में शिकायत पत्र दिया गया था, उन्होंने थाना डमटाल को तफ्तीश के लिये उक्त शिकायत पत्र रैफर कर दिया था। लेकिन, आज तक डमटाल थाना की तरफ से कोई कार्रवाई अमल में नही लाई गई तथा यह कहकर टाल दिया गया कि यह तो ढांगू पीर चौकी का केस है आप यहां आने की बजाए ढांगू चौकी पर जाएं। जब उक्त किसान ढांगू चौकी अपनी शिकायत लेकर गए तो उनका कहना है कि वे मौका देखते ही इस बारे में जांच करेंगे परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नही हो पाई है।

इस संबंधी बात करने पर माइनिंग अधिकारी नीरज कांत ने कहा कि उक्त विभाग को नोटिस भेजा जाएगा तथा इसल बात की भी जांच की जाएगी कि वे हिमाचल सरकार को कोई रॉयल्टी जमा करवा रहे हैं या नहीं।












