
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। स्पैशल बच्चों के शिक्षा केंद्र उड़ान के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा होने पर एक समारोह करवाया गया। जिसमें दिल्ली से आचार्य सुशील मुनि महाराज जी के परम शिष्य विवेक मुनि जी महाराज विशेष तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर सैनी जागृति मंच पंजाब के संस्थापक संदीप सैनी एवं प्रधान सरदार कुलवंत सिंह सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के निजी सचिव एवं समाजसेवी भारत भूषण वर्मा, गायक हरपाल लाडा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्पैशल बच्चों को अपना आशीर्वाद देते हुए विवेक मुनि महाराज ने कहा कि स्पैशल बच्चे अपनी मासूमियत और सच्चे मन के कारण परमपिता परमात्मा के सबसे नजदीक एवं प्यारे होते हैं। उन्होंने समाज के नाम संदेश देते हुए कहा कि उड़ान जैसी संस्थाओं के द्वारा स्पैशल बच्चों के लिए शिक्षा एवं सहयोग की भावना के साथ किए जा रहे कार्यों में सभी को अपना सहयोग एवं योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्पैशल बच्चों में भले ही मानसिक कमजोरी हो सकती है पर इन बच्चों की मन एवं कार्यशैली सबसे सच्ची एवं स्नेह पूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि समाज का यह दायित्व बनता है कि वह ऐसे बच्चों को हीन भावना से देखने की बजाय इनको अपने आप में समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें तभी भगवान की सच्ची भक्ति एवं आराधना की जा सकती है। इस अवसर पर उड़ान संस्था की तरफ से सोनी सैनी एवं मनदीप जमाल ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया और संस्था की तरफ से स्पैशल बच्चों के विकास एवं उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।












