
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्र की रक्षा करने वाले सैनिकों के परिवारों की सुरक्षा तथा देखभाल करने का प्रण लेने उपरांत अर्धसैनिकों के परिवारों की सुरक्षा के लिए एक योजना तैयार की है। इसी कड़ी के तहत सीजीओ कॉम्पलेक्स के पास बनाए जाने वाले सी.आर.पी.एफ के नए मुख्यालय का शिलान्यास करने पहुंचे केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीआरपीएफ कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अर्धसैनिक बलों के जवानों के परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड प्रदान करने की तैयारी कर रही है तथा सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि अर्धसैनिक बल का हर जवान अपने परिवार के साथ लगभग 100 दिन बिता सके।

श्री शाह ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि हर अर्धसैनिक बल को कम से कम 100 दिन अपने परिवार के साथ बिताने को मिलें। मोदी सरकार देश की रक्षा करते हुए केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के परिवारों की देखभाल करने के लिए दृढ़ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अर्धसैनिक जवानों के परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि नए बनाए जाने वाले मुख्यालय के प्रोजेक्ट को वर्ष 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि नया केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सी.आर.पी.एफ का मुख्यालय 277 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत पर लोधी रोड पर सीबीआई के प्रधान कार्यालय से सटे 2.23 एकड़ भूमि पर बनेगा।
सीआरपीएफ का मुख्यालय फिलहाल लोधी रोड पर केंद्र सरकार के कार्यालयों (सीजीओ) परिसर में ब्लॉक नंबर 1 पर स्थित है, लेकिन इसके कई कार्यालय जैसे आर.ए.एफ., कोबरा, चिकित्सा, प्रशिक्षण, संचार और कार्य व भर्ती राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न स्थानों पर मुख्य कार्यालय भवन में जगह की कमी के कारण स्थित हैं।











